एसपीएस 2024 बैच के उप-पुलिस अधीक्षकों ने राज्यपाल से मुलाकात की

एसपीएस 2024 बैच के उप-पुलिस अधीक्षकों ने राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से की शिष्टाचार भेंट
एसपीएस 2024 बैच के उप-पुलिस अधीक्षकों ने राज्यपाल से मुलाकात की
Published on

गंगटोक: सिक्किम पुलिस सेवा (एसपीएस) के 2024 बैच के उप-पुलिस अधीक्षकों ने आज लोक भवन में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने युवा पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए पुलिस कानूनों और उनकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से संवाद किया तथा भविष्य की सेवा के लिए उनका मार्गदर्शन किया। संवाद के दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों से पूछा कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में वे समाज के प्रति अपनी भूमिका और दृष्टिकोण को किस रूप में देखते हैं। अधिकारियों ने इस पर अपने-अपने विचार साझा किए।

राज्यपाल ने जोर देते हुए कहा कि पुलिस का प्रमुख दायित्व समाज में सुरक्षा, शांति और विश्वास की भावना को मजबूत करना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को याद दिलाया कि सिक्किम की पहचान एक शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण राज्य के रूप में रही है तथा इस विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है।

राज्यपाल ने बदलते समय के साथ उभर रही नई चुनौतियों, विशेषकर साइबर अपराध और मादक पदार्थों के बढ़ते संकट से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष बल दिया।

युवा पुलिस अधिकारियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने उन्हें शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस के प्रति विशेष रूप से सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने अधिकारियों से बदलते कानूनों और अपराध के नए तौर-तरीकों को समझने के लिए निरंतर अध्ययन करते रहने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने युवा अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करते हुए सिक्किम सहित पूरे देश के लिए एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in