

गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से गुरुवार को लोकभवन में बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष जैकब खालिंग ने किया। इसमें गंगटोक नगर निगम की मेयर श्रीमती छिरिंग पाल्देन भूटिया सहित एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य भी शामिल थे।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को आगामी नवंबर में सिक्किम में आयोजित होने वाली 49वीं योनेक्स-सनराइज जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप (अंडर-19) के लिए मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
यह पहली बार है जब सिक्किम राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम को शुभकामनाएं दीं और आयोजन के सफल संचालन की कामना की।