नागराकाटा : शुक्रवार सुबह मेटेली प्रखंड के विधान नगर ग्राम पंचायत अंतर्गत बड़दिघी बस्ती क्षेत्र में कुर्ती नदी के समीप स्थित एक छोटे चाय बागान से एक पूर्ण विकसित तेंदुए का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चाय बागान के श्रमिक जब बागान में सिंचाई का कार्य कर रहे थे, तभी उनकी नजर तेंदुए के शव पर पड़ी। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग के चालसा रेंज कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए ले गए।स्थानीय निवासियों का अनुमान है कि तेंदुए की मृत्यु लगभग आठ से दस दिन पूर्व हुई होगी। इससे पहले भी इस चाय बागान में तेंदुए की उपस्थिति देखी गई थी। बताया जाता है कि समय-समय पर तेंदुआ बागान से निकलकर आसपास के रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर बकरियों और मुर्गियों को अपना शिकार बना रहा था। स्थानीय निवासी रशीदुल इस्लाम ने बताया कि तेंदुआ अक्सर चाय बागान से निकलकर घरों में घुस आता था और पालतू पशुओं को उठा ले जाता था, जिससे लोग भयभीत रहते थे। पूर्व में तेंदुए के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल भी हो चुकी है।
स्थानीय लोगों ने तेंदुए के हमलों पर रोक लगाने के लिए वन विभाग से आवश्यक और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, बरामद तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।