गहने चोरी के शक में छोटे भाई की पत्नी पर जानलेवा हमला।

गहने चोरी के शक में छोटे भाई की पत्नी पर जानलेवा हमला।
Published on: 

सिलीगुड़ी

लक्ष्मी पूजा के दौरान घर से सोने के गहने चोरी होने के शक में छोटे भाई की पत्नी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में महिला थाना की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 40 वर्षीय उत्तम मंडल के रूप में हुई है। वह कावाखाली का निवासी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी पूजा के अवसर पर उत्तम मंडल के घर से सोने के गहने चोरी हो गए थे। इसके बाद उसने चोरी का शक अपने छोटे भाई की पत्नी पर जताया। आरोप है कि इसी संदेह में उसने महिला के साथ मारपीट की और उसकी हत्या करने की कोशिश की। हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनबीएमसीएच) में भर्ती कराया गया।

इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर महिला ने महिला थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और शुक्रवार रात उत्तम मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

शनिवार को गिरफ्तार आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News