

सिलीगुड़ी : काली पूजा के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ईस्ट जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) राणा मुखर्जी, आईपीएस ने अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न काली पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा आयोजकों से बातचीत कर तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने, अग्निशमन व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। इसके अलावा आसपास की यातायात व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर भी ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने आयोजकों से सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
डीसीपी राणा मुखर्जी ने पूजा आयोजकों के साथ समन्वय बनाकर काम करने और किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने पर जोर दिया। पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने के साथ-साथ किसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकास की व्यवस्था बनाए रखने को भी आवश्यक बताया गया।
गौरतलब है कि काली पूजा के दौरान विभिन्न पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा और यातायात नियंत्रण महत्वपूर्ण हो जाते हैं। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने सभी पूजा समितियों से प्रशासन के साथ तालमेल बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।