भानु टर्निंग भूस्खलन स्थल का डीसी ने किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर परी बिश्नोई व अन्य
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर परी बिश्नोई व अन्य
Published on

पाक्योंग: पाक्योंग की जिला कलेक्टर परी बिश्नोई ने गुरुवार को भानु टर्निंग के पास भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थिति से निपटने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने प्रभावित ढलान, सुरक्षा दीवारों, जल निकासी व्यवस्था और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन से जमा मलबे के कारण पहाड़ी से आने वाला पानी पुलियों में रुक गया, जिससे सड़क और आसपास की निजी संपत्तियों में पानी भरने की समस्या उत्पन्न हुई। निरीक्षण में पाक्योंग नगर पंचायत के अध्यक्ष, एसडीएम, विद्युत विभाग, पीएचई विभाग, पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से नुकसान, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को प्रभावित क्षेत्र में निजी भूमि पर मलबा नहीं डालने, विस्तृत तकनीकी अध्ययन कराने और ढलान की सुरक्षा के लिए स्थायी उपाय करने के निर्देश दिए।


साथ ही बेहतर जल निकासी के लिए पर्याप्त नालियों और पुलियों के निर्माण पर भी जोर दिया। जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन एएआई और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्या के शीघ्र समाधान के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र की मिट्टी को स्थिर करने और समयबद्ध तरीके से स्थायी समाधान लागू करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही जल निकासी संबंधी शिकायतों के बाद यह निरीक्षण किया गया। इससे पहले प्रशासन द्वारा क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं और प्रभावित इलाके में 24 घंटे पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके बाद जिला कलेक्टर ने रनवे क्षेत्र का भी निरीक्षण कर वहां चल रहे राहत और सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in