कूचबिहार नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप साह ने दिया इस्तीफा

कूचबिहार नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप साह
कूचबिहार नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप साह
Published on

कूचबिहार: कूचबिहार नगर पालिका के अध्यक्ष दिलीप साह ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कूचबिहार सदर महकमा शासक गौतम नंदी को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद दिलीप साह ने कहा कि पिछले कुछ समय से वह अस्वस्थ चल रहे थे, जिसके कारण नियमित रूप से नगर पालिका कार्यालय नहीं जा पा रहे थे। स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए उन्होंने अध्यक्ष पद छोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने बताया कि पहले ही इस्तीफा देने का विचार था, लेकिन बीमारी और हाल में हुई हमले की घटना के कारण इसमें देरी हुई। नगर पालिका के 13 पार्षदों द्वारा उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसके कारणों की जानकारी नहीं है। राजनीतिक संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हैं और पार्टी के साथ ही हैं। गौरतलब है कि सत्ता परिवर्तन के बाद से ही दिलीप साह के इस्तीफे को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। सोमवार को 13 पार्षदों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का पत्र सदर महकमा शासक को सौंपा था, जिसके अगले दिन उन्होंने पद छोड़ दिया। वहीं, भाजपा के कूचबिहार जिला उपाध्यक्ष बिराज बोस ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष के नियमित रूप से कार्यालय नहीं आने से नगर पालिका की सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले से ही उनके इस्तीफे की मांग कर रही थी और अब नगर पालिका का संचालन प्रशासक के माध्यम से कराने की मांग कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in