कालचीनी : अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी ब्लॉक में लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अलीपुरदुआर जिला परिषद की पहल पर करीब 4 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से छह नई सड़कों के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। इन सड़कों का निर्माण राज्य सरकार के फंड से किया जा रहा है। इस दिन सताली ग्राम पंचायत संलग्न इलाके में एक सामरोह के माध्यम से निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान इस संबंध में जानकारी देते हुए अलीपुरदुआर जिला परिषद की सभाधिपति स्निग्धा साईबो बताया कि इन छह सड़कों में से चार सड़कें सताली और मेंदाबाड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र में बनाई जा रही हैं। इसके अलावा एक सड़क कालचीनी इलाके में और एक सड़क जयगांव क्षेत्र में बनाई जा रही है। बताया गया है कि इन क्षेत्रों के लोग लंबे समय से सड़कों की खराब हालत को लेकर प्रशासन से सुधार की मांग कर रहे थे। विशेषकर मेंदाबाड़ी और सताली इलाके की चार सड़कों की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी थी, जिसके कारण आम लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती थी। कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़कों पर चलना मुश्किल हो जाता था, जिससे रोजमर्रा के कामों के लिए आवागमन करना भी लोगों के लिए चुनौती बन जाता था। सभाधिपति स्निग्धा साइबो ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से इलाके में आवागमन व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। खासकर छात्रों को स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को बाजार, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क बनने के बाद इलाके में विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा लोगों का दैनिक जीवन भी पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा। प्रशासन का कहना है कि तय समय के भीतर इन सड़कों का निर्माण पूरा करने की कोशिश की जाएगी, ताकि जल्द से जल्द क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।