

सिलीगुड़ी : पूर्वोत्तर सीमांत (एनएफ) रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने कामाख्या-न्यू बोंगाईगांव-डांगतल सेक्शन का गत शुक्रवार व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। यह रेलवे की परिचालन संरक्षा और बुनियादी ढ़ांचा की विश्वसनीयता को मजबूत करने के निरंतर कार्यों का एक हिस्सा था। इस निरीक्षण में 154 किलोमीटर का हिस्सा कवर किया गया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान, महाप्रबंधक ने सेक्शन में ट्रैक की दशा, छोटे और बड़े पुल, सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम, ट्रैक्शन स्थापनाएं, समपार फाटकों और स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तृत मूल्यांकन किया। संरक्षा के लिए ज़रूरी परिसंपत्तियां, कर्व्स, प्वाइंट्स एंड क्रॉसिंग और चल रहे मेंटेनेंस कार्यों की बारीकी से जांच की गई, ताकि निर्दिष्ट संरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो सके। उन्होंने परिचालनिक तैयारी, संरक्षा जागरूकता और सजगता का मूल्यांकन करने के लिए रेल अधिकारियों और फ्रंटलाइन कर्मियों से बातचीत कर स्टेशनों और कार्यस्थलों पर आवश्यक सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और स्थिति की समीक्षा की।
एनएफ रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने विज्ञप्ति द्वारा यह जानकारी दी है। बताया गया है कि, इस निरीक्षण कार्यक्रम के तहत, नलबाड़ी, बरपेटा रोड और न्यू बोंगाईगांव रेलवे स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया गया। इन स्टेशनों पर किए जा रहे विकासात्मक कार्यों में यात्री सुविधाओं, स्टेशनों के आधुनिकीकरण और समग्र सेवा गुणवत्ता पर फोकस किया जा रहा है। महाप्रबंधक ने रेल पटरियों की अवस्था और परिचालनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रेल कर्मियों के प्रयासों की तारीफ़ की और क्षेत्र में रेल सेवा को मज़बूत करने के लिए निरंतर सहयोग का भरोसा दिया।