

गेजिंग : चिवाभंज्यांग 10के ट्रेल रन का तीसरा संस्करण गुरुवार को गेजिंग जिले में आयोजित हुआ, जिसमें 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर श्रेणियों में कुल 308 धावकों ने भाग लिया। इनमें पड़ोसी देशों नेपाल और भूटान के प्रतिभागी भी शामिल थे।
देंताम टूरिज्म डेवलपमेन्ट सोसाइटी (डीटीडीएस) ने सिक्किम सरकार के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के सहयोग से इस आयोजन का संचालन किया। इसका उद्देश्य साहसिक खेलों, शारीरिक फिटनेस और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देना है।
सुबह 8 बजे उत्तराय बाजार से शुरू हुई 10 किलोमीटर की दौड़ में प्रतिभागियों ने कठिन पहाड़ी रास्तों से होते हुए भारत-नेपाल सीमा पर 10,299 फीट की ऊंचाई पर स्थित चिवाभञ्ज्याङ तक दौड़ लगाई।
सामाजिक कार्यकर्ता बिकाश गोले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। क्षेत्र विधायक एवं पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन विभाग के सलाहकार सुदेश कुमार सुब्बा, गेजिंग जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अमर सुब्बा, जिन्हें सिक्किम का ‘मैराथन मैन’ कहा जाता है, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
विधायक सुब्बा ने कहा कि इस तरह के आयोजन चिवाभञ्ज्याङ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने के साथ साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए मार्ग में आपातकालीन चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों के अनुसार, 10 किलोमीटर की दौड़ में 230 और पांच किलोमीटर की जूनियर ट्रेल रन में 78 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दस किलोमीटर श्रेणी में पुरुषों और महिलाओं के लिए 18–35, 36–49, 50–59 तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जूनियर श्रेणी में 14–17 वर्ष के लड़के और लड़कियां शामिल हुए।
गरीब जनकल्याण प्रकोष्ठ ने एम्बुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर आयोजन में सहयोग दिया।
कार्यक्रम का समापन चिवाभञ्ज्याङ में हुआ, जहां विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार, पदक तथा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।