

सन्मार्ग संवाददाता, सिलीगुड़ी ः अपना तीन दिवसीय उत्तर बंगाल दौरा पूरा कर बुधवार दोपहर बाद राजधानी कोलकाता लौटने हेतु बागडोगरा एयरपोर्ट जाने के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बागडोगरा चाय बागान जा कर वहां मजदूरों का हालचाल लिया। उनके बच्चों को गुड़िया व चॉकलेट दिए। दुलारा-पुचकारा व प्यार किया। उन्होंने महिला मजदूरों के बीच साड़ियां भी बांटी। कहा कि, 500 साड़ियां देकर जा रही हूं। सब, एक-एक कर ले लेना। अपने हाथों से भी कुछ मजदूरों को साड़ियां दी।
इस अवसर पर उन्होंने चाय की पत्ती तोड़ती महिला मजदूरों से पूछा कि कितने बजे आए? और कितने बजे वापस घर जाओगे? किसी मजदूर ने कह दिया कि रात नौ बजे लौटेंगे तो मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि इतनी देर तक काम क्यों? आप लोगों से ज्यादा काम करवाया जाता है क्या? तब, किसी ने उत्तर दिया कि नहीं देर से आए हैं इसीलिए देर से जाएंगे। वैसे, शाम 04ः30 बजे छुट्टी हाे जाती है।
वहीं, मजदूरों के साथ उनके बच्चों को भी काम करते देख मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि आप लोग स्कूल नहीं जाते, पढ़ाई नहीं करते? तो बच्चों ने उन्हें बताया कि अभी गर्मी की छुट्टी है, स्कूल बंद है। इसीलिए बागान चले आए। मुख्यमंत्री ने मजदूरों से यह पूछा कि खाना क्या खाया, कैसे खाया। तब, किसी महिला मजदूर ने उन्हें बताया कि सुबह खाना घर से लेकर ही आते हैं। दोपहर में खा लेते हैं। मजदूरों का हालचाल लेकर उनका काफिला एयरपोर्ट की ओर बढ़ चला। वहां से मुख्यमंत्री विमान से वापस कोलकाता रवाना हो गईं।