

सिलीगुड़ी : शहर में पहली बार छठ पूजा महोत्सव कार्निवल का भव्य आयोजन किया गया। सिलीगुड़ी युवा एकता मंच की पहल पर गुरुवार को निकाली गई इस शोभायात्रा में छठ महापर्व की धार्मिक आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस आयोजन में शहर की करीब 40 छठ पूजा समितियों ने हिस्सा लिया। शोभायात्रा सेवक रोड स्थित पायल सिनेमा हॉल से शुरू होकर आनंदलोक नर्सिंग होम के सामने से होते हुए चेकपोस्ट तक पहुंची। इस दौरान विभिन्न समितियों की ओर से आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें छठ महापर्व से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं को दर्शाया गया। शोभायात्रा में छोटे-छोटे बच्चे छठी मैया के स्वरूप में नजर आए। वहीं, पारंपरिक परिधानों में सजी युवतियां हाथों में सूप लेकर शामिल हुईं। छठ पूजा के पारंपरिक गीतों, वेशभूषा और झांकियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजकों का कहना है कि इस कार्निवल का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोकाचार को एक मंच पर प्रस्तुत करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। पहली बार आयोजित इस छठ पूजा महोत्सव कार्निवल में लोगों का उत्साह देखने लायक रहा।