

मिरिक: दार्जिलिंग पहाड़ के चाय श्रमिकों को 20 प्रतिशत बोनस देने के लिए एडवाइजरी जारी होने पर भारतीय चिया मजदूर संघ ने सरकार के प्रति आभार जताया है। संघ की मिरिक महकमा समिति के संयोजक रोजेश थापा और देवेन राई ने कहा कि चाय श्रमिकों के हित में 20 प्रतिशत बोनस की एडवाइजरी जारी कर सरकार ने उन्हें बड़ी राहत दी है। संयोजक द्वय ने कहा कि भाजपा नेतृत्व और भाजपा सरकार चाय श्रमिकों के न्याय और हित के पक्ष में है। 20 प्रतिशत बोनस निर्धारित किया जाना इसका स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि चाय श्रमिक लंबे समय से विभिन्न समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में 20 प्रतिशत बोनस का निर्णय उनके लिए बड़ी राहत से कम नहीं है। रोजेश थापा और देवेन राई ने कहा कि चाय श्रमिकों के हक, अधिकार और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर आगामी दिनों में भी सरकार तथा संबंधित निकायों से निरंतर सहयोग किया जाएगा। उन्होंने श्रमिक हित में आगे और तेज गति से कदम उठाने की बात कही।