सीएपी अध्यक्ष गणेश कुमार राई का रंगांग-यांगांग निर्वाचन क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा

संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर, कार्यकर्ताओं से घर-घर पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान
सीएपी अध्यक्ष गणेश कुमार राई का रंगांग-यांगांग निर्वाचन क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा
Published on: 

नाम्ची : सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी) के अध्यक्ष गणेश कुमार राई ने दक्षिण सिक्किम के 15-रंगांग-यांगांग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान पार्टी के उपाध्यक्षों, प्रवक्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

दौरे के पहले दिन राई ने लिम्गू गांव का दौरा कर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों तथा पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई।

अगले दिन 15-रंगांग-यांगांग एसीईसी के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी अनिल कुमार नेपाल, उपाध्यक्ष रमेश दाहाल, महासचिव तारा निरौला, एसीईसी युवा अध्यक्ष देवाशिष छेत्री, कोषाध्यक्ष आदेश निरौला तथा चालक परिषद के प्रभारी एम.बी. बस्नेत सहित अन्य पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार पर ध्यान देने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए गणेश कुमार राई ने 2024 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थापना के कुछ ही समय बाद निर्वाचन क्षेत्र से मिले जनसमर्थन का उल्लेख किया। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भी क्षेत्र से पार्टी को मिले मतों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

राई ने पार्टी की सुधारवादी नीतियों और दृष्टिकोण को घर-घर तथा जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तरदायी शासन और नागरिक-केंद्रित राजनीति का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच काम करने का आग्रह किया।

नेताओं ने रखे संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में विचार

बैठक में निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी अनिल कुमार नेपाल ने संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्र में पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। महासचिव तारा निरौला ने पार्टी की नीतियों और गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के बुलेटिन, समाचारपत्र और पत्रिकाओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

अन्य नेताओं और प्रतिनिधियों ने भी संगठन के विस्तार, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी पार्टी गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव रखे। बैठक में निर्वाचन क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करने तथा जनता के साथ संपर्क बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

स्थानीय लोगों से मुलाकात, शोकसंतप्त परिवारों से भी मिले

दौरे के दौरान राई ने अपर लिमगू का भी दौरा किया और स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, जनसरोकार के मुद्दों और सुझावों को सुना। उन्होंने क्षेत्र में सामाजिक दौरा भी किया। इस दौरान शोकसंतप्त परिवारों से मुलाकात कर दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in