बुद्ध पार्क में शुरू हुआ लाइट एंड साउंड शो, रात्रिकालीन पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

बुद्ध पार्क में शुरू हुआ लाइट एंड साउंड शो, रात्रिकालीन पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
Published on: 

गंगटोक : दक्षिण सिक्किम के रवंगला स्थित तथागत त्साल (बुद्ध पार्क) में भगवान बुद्ध के जीवन एवं उपदेशों पर आधारित लाइट एंड साउंड शो शुरू किया गया है। मंगलवार से शुरू हुआ यह शो प्रतिदिन शाम 6 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को एक आकर्षक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र में रात्रिकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव एवं नामची जिले के प्रभारी विष्णु शर्मा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को राबंगला में अधिक समय तक ठहरने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे स्थानीय होटल व्यवसाय, पर्यटन से जुड़े प्रतिष्ठानों तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने इको-टूरिज्म की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से 100 से अधिक परियोजनाएं विकसित की गई हैं।

समुद्र तल से लगभग 7 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित बुद्ध पार्क सिक्किम के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां भगवान बुद्ध की 130 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित है, जिसका अभिषेक 14वें दलाई लामा ने 25 मार्च 2013 को किया था। नए लाइट एंड साउंड शो से इस पर्यटन स्थल के आकर्षण में और वृद्धि होने तथा अधिक पर्यटकों के आगमन की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News