

इस्लामपुर : उत्तर दिनाजपुर जिले के करणदिघी ब्लॉक स्थित रसाखोआ हाई स्कूल में मंगलवार को बीएसएफ की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नशे, बाल तस्करी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अनुशासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के कार्यवाहक प्रधान शिक्षक अनूप कुमार साहा ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीने, बड़ों का सम्मान करने और अपने व्यवहार के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचना चाहिए, ताकि वे किसी तरह के खतरे या गलत गतिविधियों के शिकार न हों। बीएसएफ इंस्पेक्टर ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे और बाल तस्करी के खतरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तस्कर कई बार बच्चों को बहला-फुसलाकर या लालच देकर अपने जाल में फंसा लेते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अजनबियों से कोई वस्तु या खाने-पीने की सामग्री नहीं लेने और बिना जानकारी के किसी के साथ कहीं नहीं जाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के बारे में तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को जानकारी देनी चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई।