

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी के रेगुलेटेड मार्केट स्थित फ्रूट मार्केट इलाके में बुधवार शाम ड्रेन से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद प्रधाननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके से मालवाहक वाहन गुजरने के बाद ड्रेन के पास एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद व्यक्ति की मौत की पुष्टि की।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी पहचान स्थापित करने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।