3 दिनों से लापता छात्र का जंगल से मिला शव

त्रिकोणीय प्रेम विवाद में हत्या का मामला आया सामने, माटीगाड़ा थाना अंतर्गत शिमुलतला इलाके का रहने वाला 15 वर्षीय शुभोजीत मोदक 10वीं का छात्र था, उसके ही साथी 25 वर्षीय राज पासवान द्वारा साजिशन उसे घर से बुला कर जंगल में ले जा कर उसकी हत्या कर देने का आरोप
3 दिनों से लापता छात्र का जंगल से मिला शव
Published on

सिलीगुड़ी : शहर के निकट माटीगाड़ा थाना अंतर्गत शिमुलतला इलाके का रहने वाला 10वीं का छात्र शुभोजीत मोदक (15 वर्ष) जो गत 3 दिनों से लापता था उसका क्षत-विक्षत शव मंगलवार सुबह सुकना के जंगल में पाया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार त्रिकोणीय प्रेम विवाद में ही अपने ही साथी द्वारा उसकी बेरहमी से हत्या कर दिए जाने का मामले सामने आया है। इस मामले से शहर भर में सनसनी फैल गई। मृतक शुभोजीत के परिजनों का कहना है कि, वह बीते शनिवार से लापता था। उस दिन इलाके के ही एक 25 वर्षीय युवक राज पासवान ने फोन कर शुभोजीत को घर से बुलाया था व अपने साथ ले गया था। उसके बाद से ही शुभोजित का कोई अता-पता नहीं था और इस दिन सुबह सुकना जंगल से उसका शव बरामद हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत शनिवार शाम लगभग 06:00 बजे राज पासवान ने शुभोजीत को फोन कर बाहर बुलाया था। रात 10 बजे से शुभोजित का मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने रात भर हर संभावित जगह पर उसकी तलाश की लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल पाई। तब, परिवार ने अपहरण की आशंका जताते हुए माटीगाड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। उस आधार पर जांच में जुटी पुलिस को पता चला कि एक नाबालिग किशोरी संग प्रेम को लेकर राज पासवान और शुभोजित मोदक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इसी त्रिकोणीय प्रेम संबंध को शुभोजीत मोदक की हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

इस मामले की जांच करते हुए माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने इलाके के ही एक 15 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने पूरा मामला पुलिस को बता दिया। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने सुकना जंगल से शुभोजीत का शव बरामद किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुकना जंगल में शुभोजीत और राज पासवान के बीच कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। उस पिटाई से शुभोजीत की मौत हो गई। यह देख राज पासवान उसके शव को जंगल में ही छोड़ कर फरार हो गया। वह तब से अब तक फरार ही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार संभावित जगहों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, मामले में गिरफ्तार नाबालिग आरोपित को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजेबी) कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इस मामले को लेकर इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की परिजनों ने आरोप लगाया है कि राज पासवान ने साजिश के तहत मिलने के बहाने बुला कर अपने साथियों संग मिल कर शुभोजीत की हत्या कर दी। परिजनों ने सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग की है। फरार आरोपित की तलाश के साथ ही पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in