सिक्किम सुरंग हादसे में मारे गए डुआर्स के आठ श्रमिकों के शव पहुंचे घर

श्रमिकों के शवों को देखने के लिए उमड़ी भीड़
श्रमिकों के शवों को देखने के लिए उमड़ी भीड़
Published on

नागराकाटा: सिक्किम के सुरंग हादसे में जान गंवाने वाले नागराकाटा और मेटेली क्षेत्र के सभी आठ श्रमिकों के शव अब उनके पैतृक गांव पहुंच चुके हैं। गुरुवार देर रात नागराकाटा के ग्रासमोड़ चाय बागान निवासी आनंद टोप्पो तथा मेटेली के नागेश्वरी चाय बागान के अमनलाल गोर का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया। शव पहुंचते ही दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी भावुक हो उठे। देर रात ही दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आनंद टोप्पो ग्रासमोड़ चाय बागान की दों नबंर लाइन के निवासी थे, जबकि अमनलाल गोर नागेश्वरी चाय बागान की तेतुल लाइन में रहते थे। इससे पहले किलकोट चाय बागान के 11 नंबर लाइन निवासी शिवा उरांव, विकेश्वर उरांव और गब्रेल टिग्गा, इंडोंग चाय बागान के टंडू लाइन निवासी श्याम उरांव, नागराकाटा के मनमोहन धूरा निवासी अर्जुन सौथाल तथा सुलकापाड़ा के सोमापाड़ा निवासी बोलो उरांव के शव भी उनके घर पहुंच चुके थे। सभी क्षेत्रों में अब भी गहरा मातम पसरा हुआ है।

हादसे में पश्चिम बंगाल के अलावा असम, उत्तराखंड, सिक्किम और पंजाब के श्रमिकों की भी हुई मौत

सिक्किम के नामची के समरदुंग क्षेत्र में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में मिथेन गैस विस्फोट के बाद हुए हादसे में बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है। उत्तर बंगाल के आईजी सुकैश जैन ने बताया कि बचाव दल ने कुल 25 शव बरामद किए हैं, जिनमें 11 पश्चिम बंगाल के श्रमिक शामिल हैं। सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। अब तक कई शवों का पोस्टमार्टम पूरा कर उन्हें परिवारों को सौंप दिया गया है।

आईजी ने बताया कि पिछले दो दिनों में बचाव दल ने शवों को निकालने के साथ-साथ परिजनों को घटनास्थल तक पहुंचाने, पहचान प्रक्रिया और पोस्टमार्टम जैसी सभी व्यवस्थाओं को पूरा किया। बता दे कि, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की थी । उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर हादसे की जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। सिक्किम सरकार ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस हादसे में पश्चिम बंगाल, असम, उत्तराखंड, सिक्किम और पंजाब के श्रमिकों की मौत हुई है। घटना के बाद कई राज्यों में शोक का माहौल है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in