जलपाईगुड़ी: चुनाव प्रचार से लौटते समय तीस्ता नदी में डूबे भाजपा कार्यकर्ता अमल राय की कोई खबर नहीं मिली तलाश जारी । शनिवार सुबह से प्रशिक्षित सिविल डिफेंस कर्मियों द्वारा नदी में तलाशी अभियान चलाया गया। मयनागुड़ी थाना के आईसी सुबल घोष और वोटपाट्टी फाड़ी के ओसी अभिजीत कुंडू ने मौके पर पहुंचकर नाव से घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, पूरे दिन तलाशी अभियान चलाने के बावजूद लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह से फिर से तीस्ता नदी में तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा। मयनागुड़ी के पदमती-2 ग्राम पंचायत के अंतर्गत 16/275 नंबर बूथ के करीब 45 परिवार तीस्ता नदी के बीच स्थित ऊंचे फुलिया चर इलाके में रहते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 20 भाजपा कार्यकर्ता वहां चुनाव प्रचार के लिए गए थे। दोपहर भोजन के बाद लौटते समय अधिकांश कार्यकर्ता नाव से नदी पार कर गए, लेकिन अमल राय और दो अन्य कार्यकर्ता अभिजीत राय व आतिया राय पैदल ही नदी की एक धारा पार करने लगे। इसी दौरान तीनों को परेशानी हुई। किसी तरह अभिजीत और आतिया तैरकर बाहर आ गए, लेकिन अमल राय पानी में डूब गए।
घटना के बाद अंधेरा होने के कारण उसी दिन बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका। शनिवार सुबह से तेज़ी से तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन खबर लिखने तक उनका पता नहीं चल सका है।
तृणमूल और भाजपा उम्मीदवार अमल राय के परिवार से मिले
घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार रात मयनागुड़ी से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार राममोहन राय मौके पर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। वहीं भाजपा उम्मीदवार डालिम राय, भाजपा जिला सह-सभापति चंचल सरकार, और अन्य नेता भी परिवार से मिलने पहुंचे।शनिवार को तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी एक प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर पहुंचा और परिवार से बातचीत की। लापता अमल राय की पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। उनके पिता दीनेश राय ने कहा कि एक दिन बाद भी बेटे का कोई पता नहीं चल सका है और परिवार चिंतित है। भाजपा जिला सह-सभापति चंचल सरकार ने कहा कि अमल राय सक्रिय कार्यकर्ता थे और बूथ स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते थे। पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। वहीं तृणमूल उम्मीदवार राममोहन राय ने कहा कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे और परिवार के साथ पार्टी हर संभव मदद के लिए खड़ी रहेगी।