भाजपा आग लगाना चाहती है : गौतम देव

भाजपा आग लगाना चाहती है : गौतम देव
Published on

सिलीगुड़ी : दार्जिलिंग जिला (समतल) तृणमूल कांग्रेस की कोर कमेटी के सदस्य सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने कहा है कि, भाजपा यहां आग लगाना चाहती है। चुनाव जितना करीब आता जाएगा उतना ही ज्यादा भाजपा का षडयंत्र यहां अशांति फैलाने के लिए तेज होता जाएगा। इससे लोगों को होशियार रहना चाहिए। वह गुरुवार को दार्जिलिंग जिला (समतल) तृणमूल कांग्रेस कार्यालय बिधान भवन में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि, आंदोलन के नाम पर आज भाजपा व उसके जनप्रतिनिधियों ने जो राज्य मिनी सचिवालय उत्तरकन्या के पास उपद्रव मचाया, पुलिस पर हमल किया, आम लोगों को उकसा कर माहौल को अशांत किया उसकी हम तीव्र निंदा करते हैं।

मेयर ने आगे कहा कि, फांसीदेवा के जिस मामले को लेकर भाजपा व उसके लोग यहां आग लगाना चाहते हैं वह एक छिटपुट मामला है। गत दिसंबर महीने में एक जमीन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। जमीन पर दावा और फिर दावे पर दावा का मामला था। उसी को लेकर मारपीट हुई थी। उस मामले को जिला प्रशासन व पुलिस ने त्वरित गंभीरता से लिया। आरोपित को गिरफ्तार किया गया। हर पहलू से जांच की गई। उस मामले में जो-जो कदम उठाया जाना था हर एक आवश्यक कदम उठाया गया। अब दो महीने बाद उस मामले को लेकर भाजपा सहज-सरल आदिवासी समुदाय के लोगों को वरगला कर यहां का माहौल अशांत करना चाहती है। उक्त जगह जा कर भाजपा के सांसद ने कहा कि वह सबसे बड़े गुंडा हैं। यह भारतीय गणतंत्र में लज्जाजनक है कि कोई चुना हुआ जनप्रतिनिधि वह भी सांसद खुद को सबसे बड़ा गुंडा कहे। वे लोग अभी ऐसे बहुत पैंतरे दिखाएंगे। चुनाव जैसे-जैसे करीब आता जाएगा भाजपा के लोग तरह-तरह से माहौल को खराब करने का षडयंत्र करेंगे क्योंकि उन लाेगों के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसके प्रति हर किसी को सचेत रहना चाहिए। पुलिस प्रशासन से भी हमारी मांग है कि ऐसे षडयंत्र करने वालों से त्वरित रूप में पूरी कठोरता से निपटे।

उन्होंने यह भी कहा कि, आदिवासी समाज से हम लोग बहुत प्यार करते हैं। हमारी नेत्री ममता बनर्जी भी सदैव उनका ध्यान रखती हैं। उनके कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं राज्य सरकार चला रही है। यहां सिलीगुड़ी महकमा परिषद की सहकारी सभाधिपति रोमा रश्मि एक्का जनजाति समाज से एक महिला हैं। अन्य बहुतों को हमारी सरकार ने उच्च पदों पर बिठाया है। आदिवासी समाज के विकास के लिए चाय बागान क्षेत्रों में अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। आज आंदोलन के नाम पर भाजपा की साजिश बहुत खराब थी। वह तो शुक्र है कि पुलिस प्रशासन ने सब कुछ समझते हुए त्वरित रूप में रोकथाम के कारगर उपाय किए। उन लोगों की साजिश के वीडियो क्लिप्स, कागजात, प्रशासिनक रिपोर्ट व बहुत कुछ हैं मेर पास। आवश्यकता पड़ी तो सार्वजनिक कर बेनकाब कर देंगे। यहां अशांति नहीं फैलाने देंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in