भूस्खलन प्रभावित रिंबी-टिमरॉन्ग पहुंची भाजपा सिक्किम टीम

भूस्खलन प्रभावित रिंबी-टिमरॉन्ग पहुंची भाजपा सिक्किम टीम
Published on: 

गेजिंग: भाजपा सिक्किम के राज्य अध्यक्ष डी.आर. थापा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को युक्सोम-ताशीडिंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गेजिंग जिले के भूस्खलन प्रभावित रिंबी-टिमरॉन्ग क्षेत्र का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर मौजूदा स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया।

प्रतिनिधिमंडल में राज्य उपाध्यक्ष एन.के. सुब्बा, महासचिव दिनेश चंद्र नेपाल, जिला अध्यक्ष दिगाम लिम्बू, मंडल अध्यक्षों सहित जिला एवं मंडल स्तर के पार्टी पदाधिकारी शामिल थे।

इस दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राहत सामग्री पंचायत अध्यक्ष मंगल राई तथा राहत संग्रह केंद्र की प्रभारी तारा गुरूंग को सौंपकर प्रभावित परिवारों की सहायता की। पार्टी नेताओं ने पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात कर भूस्खलन से हुए नुकसान और क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

बताया गया कि भूस्खलन के कारण करीब 30 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। ये परिवार फिलहाल राहत शिविरों में रह रहे हैं। भाजपा टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के साथ ही विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी आवास, आवश्यक सामग्री और अन्य तत्काल जरूरतों की जानकारी ली।

भाजपा सिक्किम के प्रदेश अध्यक्ष डी.आर. थापा ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता जारी रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र की स्थिति और परिवारों की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक सहायता और ध्यान सुनिश्चित किया जा सके।

भाजपा सिक्किम टीम ने इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में हरसंभव सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in