अलीपुरदुआर : राष्ट्रपति के कथित अपमान के विरोध में अलीपुरदुआर शहर में भाजपा की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा एसटी मोर्चा के बैनर तले भाजपा के नेता कार्यकर्ता कार्यकर्ताओं ने शहर में एक विरोध रैली निकाली और बाद में अलीपुरदुआर चौपथी इलाके में जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर शहर की सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। रैली के बाद चौपथी पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर अपना गुस्सा प्रकट किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए अलीपुरदुआर चौपथी पर सड़क जाम भी किया गया, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि बाद में पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई और यातायात फिर से शुरू किया गया। इस दिन के कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष मिठू दास, कालचीनी के विधायक विशाल लामा सहित अन्य जिला नेतृत्व व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहीं। भाजपा जिलाध्यक्ष मिठू दास ने कहा कि राष्ट्रपति का अपमान देश का अपमान है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की। वहीं, विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।