

मिरिक : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा, पानीघट्टा आदिवासी सांस्कृतिक वेलफेयर सोसाइटी और गोर्खा-आदिवासी समुदाय की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। पानीघट्टा तराई क्षेत्र के गिरमिट लाइन स्थित ट्राइबल उन्नयन खेल मैदान परिसर में बिरसा मुंडा की समाधि पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान मोमबत्तियां जलाकर उन्हें याद किया गया। कार्यक्रम में गोजमुमो मिरिक महकमा समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष लाडुप घीसिंग, पूर्व सभासद एवं महकमा नारी मोर्चा अध्यक्ष चंपा बिभार, च्यांगा-पानीघट्टा ग्राम पंचायत सदस्य जॉन महेश टेटे, केंद्रीय नारी मोर्चा की संगठनात्मक सचिव टीना सुब्बा, प्रवक्ता अर्पण राई, 23 समष्टि सचिव नितेश गुरुंग, पानीघट्टा आदिवासी सांस्कृतिक वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष ऑस्कर तिर्की सहित कृष्णा तिग्गा, इस्तार बारा, अमिका तिग्गा और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लाडुप घीसिंग ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाकर आदिवासी और गोर्खा समुदाय को निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने गोजमुमो अध्यक्ष बिमल गुरुंग की शुभकामनाएं भी साझा कीं। घीसिंग ने कहा कि अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए गोर्खा और आदिवासी समुदाय को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा आदिवासी समुदाय के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहेगा। इस अवसर पर मोर्चा नेताओं ने सद्भावना और सम्मान के प्रतीक के रूप में उपस्थित बुजुर्गों और महिलाओं को दोसल्ला ओढ़ाकर सम्मानित किया।