

सिलीगुड़ी : शहर में लगातार हो रही साइकिल चोरी की घटनाओं के बीच सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शहर के अलग-अलग इलाकों से 12 चोरी की साइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन मंडल, माटीगाड़ा निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से सिलीगुड़ी थाना क्षेत्र में लगातार साइकिल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में सामने आया कि स्कूलों और निजी ट्यूशन सेंटरों के बाहर खड़ी छात्रों की साइकिलें चोरी हो रही हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। मंगलवार को पुलिस ने जलपाई मोड़ इलाके से अर्जुन मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी से साइकिल चोरी की घटनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिली। उसकी निशानदेही पर शहर के विभिन्न स्थानों से 12 साइकिलें बरामद की गयीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद साइकिलें किन-किन इलाकों से चोरी की गयी थीं और इन घटनाओं में आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।