भाजपा जिलाध्यक्ष को पुलिस अधिकारी बनकर धमकी, रिश्वत मांगने वाला गिरफ्तार

सुरक्षा के नाम पर मांगे रुपये, व्हाट्सऐप कॉल से आया था धमकी भरा फोन; बारासात से दबोचा गया आरोपी
भाजपा जिलाध्यक्ष को पुलिस अधिकारी बनकर धमकी, रिश्वत मांगने वाला गिरफ्तार
Published on

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण मंडल को कथित तौर पर पुलिस अधिकारी बनकर धमकी देने और सुरक्षा के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के एसओजी और प्रधाननगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को बारासात में अभियान चलाकर आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर 24 परगना निवासी 34 वर्षीय अब्दुल अजीम मंडल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को अरुण मंडल जब मल्लागुड़ी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में थे, तभी उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को पश्चिम बंगाल पुलिस का अधिकारी बताते हुए उनकी सुरक्षा को लेकर धमकाया। बातचीत के दौरान कथित तौर पर प्रशासनिक सुरक्षा क्लीयरेंस दिलाने के नाम पर रुपये की मांग की गयी।

कॉल पर संदेह होने के बाद अरुण मंडल ने फोन करने वाले से उसकी पहचान और संबंधित थाने का नाम पूछा। पुलिस के अनुसार, वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद 2 सितंबर को अरुण मंडल ने प्रधाननगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गुरुवार को बारासात से सिलीगुड़ी लाया गया और अदालत में पेश किया गया। प्रधाननगर थाना पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से किसी अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाया था या नहीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in