रेडलाइट इलाके में भी स्नेह के साथ मना भाई फोंटा

रेडलाइट इलाके में भी स्नेह के साथ मना भाई फोंटा
Published on: 

सिलीगुड़ी। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई फोंटा का पर्व सिलीगुड़ी के रेडलाइट इलाके में भी पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम ने वहां रहने वाली महिलाओं के चेहरों पर खुशियां बिखेर दीं।

बंगाल की पारंपरिक संस्कृति में भाई फोंटा का विशेष महत्व है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर फोंटा लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता शक्ति पाल ने रेडलाइट इलाके में भाई फोंटा का आयोजन किया।

बताया जाता है कि शक्ति पाल पिछले कई वर्षों से इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं। हर साल वह इस इलाके में पहुंचकर महिलाओं से भाई फोंटा लेते हैं और उन्हें विभिन्न उपहार भेंट करते हैं। इस पहल के माध्यम से वह महिलाओं के प्रति अपनापन, सम्मान और भाईचारे का भाव व्यक्त करते हैं।

इस वर्ष भी कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति से उनके माथे पर फोंटा लगाया। इसके बाद शक्ति पाल ने उन्हें उपहार देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। आयोजन के दौरान भावुकता और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए और प्रेम व सम्मान के रिश्ते किसी सामाजिक दायरे के मोहताज नहीं होते।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News