

सिलीगुड़ी: नशामुक्त भारत अभियान के तहत सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की ओर से दो विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत बागडोगरा थाना अंतर्गत बेंगडुबी स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय और माटीगाड़ा थाना अंतर्गत अल्फांसो स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के वेस्ट-2 विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त अनिर्बान मजूमदार उपस्थित रहे। उनके साथ बागडोगरा और माटीगाड़ा थानों के पुलिसकर्मियों के अलावा पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों की पुलिस बलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना था। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाकर समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।