

सिलीगुड़ी :
साइबर अपराध और नशे के बढ़ते खतरे को लेकर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भक्तिनगर थाना अंतर्गत भोर की आलो थाना और आशीघर आउटपोस्ट की ओर से अपने-अपने क्षेत्र में साइबर जागरूकता और मादक पदार्थ विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध फोन कॉल या संदेशों पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी तरह के संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई। नागरिकों को साइबर अपराध की स्थिति में समय रहते शिकायत दर्ज कराने के महत्व के बारे में भी बताया गया।
इसके साथ ही मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा आसपास नशीले पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की।
पुलिस की ओर से कहा गया कि साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना सामुदायिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी विभिन्न इलाकों में जारी रखने पर जोर दिया गया।