अलीपुरदुआर: अलीपुरदुआर बार एसोसिएशन के चुनाव से एक दिन पहले सोमवार को राज्य के कानून राज्य मंत्री बिराज विश्वास अलीपुरदुआर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर स्थानीय राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा रही। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बार एसोसिएशन के बुनियादी ढांचे, अधिवक्ताओं की समस्याओं और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में भाजपा के अलीपुरदुआर जिला अध्यक्ष मिठू दास, विधायक परितोष दास समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री बिराज विश्वास ने कहा कि जूनियर अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि नए अधिवक्ताओं को पेशे के शुरुआती दौर में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें सहयोग देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अदालत और बार एसोसिएशन से जुड़े बुनियादी ढांचे की समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर देखने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि अलीपुरदुआर बार एसोसिएशन का चुनाव मंगलवार को होना है। चुनाव से ठीक पहले मंत्री के दौरे और अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के आश्वासन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।