आरिगांव में खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

करीब 100 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, फुटसल और वॉलीबॉल में टीमों ने दिखाया दमखम
आरिगांव में खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
Published on: 

गेजिंग : आरिगांव स्पोर्टिंग क्लब और सांचा मन लिम्बू सरकारी महाविद्यालय (एसएमएलजीसी), आरिगांव के संयुक्त तत्वावधान में तथा माय भारत गेजिंग के सहयोग से आयोजित क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हुई। “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 100 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के तहत वॉलीबॉल, फुटबॉल (फुटसल), एथलेटिक्स और बैडमिंटन की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। 14 नवंबर को हुई अंतरविद्यालय प्राथमिक फुटसल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में लिंगचोम सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सैली प्राथमिक विद्यालय को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, 15 नवंबर को आयोजित ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पांच टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें आरिगांव वॉलीबॉल क्लब, टिकजेक वॉलीबॉल क्लब, तोयांग वॉलीबॉल टीम, लोअर क्योनगसा और एसएमएलजीसी की टीमें शामिल थीं। फाइनल मुकाबले में तोयांग वॉलीबॉल टीम ने लोअर क्योनगसा को हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। समापन समारोह में गेजिंग-ओमचुंग क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य सागर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान महाविद्यालय के प्रतिनिधियों, क्लब पदाधिकारियों और माय भारत गेजिंग के स्वयंसेवकों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता फैलाना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News