आपराधिक कानून पर प्रर्दशनी

सिक्किम में नए आपराधिक कानूनों पर चार दिवसीय प्रदर्शनी शुरू
आपराधिक कानून पर प्रर्दशनी
Published on: 

गंगटोक : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने मंगलवार को गंगटोक स्थित चिंतन भवन में आयोजित चार दिवसीय ‘नव न्याय संहिता प्रदर्शनी’ का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 24 से 27 नवंबर तक आयोजित की जा रही है।

सिक्किम पुलिस द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों तथा न्याय व्यवस्था में किए गए सुधारों के प्रति आम जनता को जागरूक करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम ने देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। उन्होंने जीरो एफआईआर, डिजिटल साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच जैसी व्यवस्थाओं के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिक्किम पुलिस के शत-प्रतिशत कर्मियों को नए आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। राष्ट्रीय मूल्यांकन में सिक्किम ने 81.46 अंक प्राप्त कर 36 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में 17वां स्थान तथा पूर्वोत्तर राज्यों में तीसरा स्थान हासिल किया है।

उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशीले पदार्थों की तस्करी और महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई। साथ ही पुलिस प्रशासन को जवाबदेह, संवेदनशील और जनहितैषी बनाने का आह्वान किया।

मुख्य सचिव आर. तेलांग ने कहा कि नए आपराधिक कानून केवल कानूनी प्रावधानों में बदलाव नहीं, बल्कि प्रशासनिक सोच और कार्यप्रणाली में परिवर्तन का प्रतीक हैं। उन्होंने आम नागरिकों के प्रति विश्वास, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेवा ने कहा कि नए कानूनों का उद्देश्य आरोपी केंद्रित व्यवस्था से पीड़ित केंद्रित न्याय प्रणाली की ओर बढ़ना है। उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया में निर्धारित समयसीमा, डिजिटल साक्ष्य और तकनीकी व्यवस्था से न्याय प्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।

कार्यक्रम में गंगटोक रेंज के डीआईजी तेनजिंग लोडेन लेप्चा ने तीनों नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों पर प्रस्तुति दी। प्रदर्शनी में 14 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें पुलिस, फॉरेंसिक विज्ञान, अभियोजन, न्यायालय, जेल, स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल तकनीक और नागरिक सेवाओं से संबंधित जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, कानून के विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। प्रदर्शनी 27 नवंबर तक आम जनता और सरकारी अधिकारियों के लिए खुली रहेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News