अनित थापा को आगे और कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है: बिमल गुरुंग

गोरखा जनमुक्ति मोर्चा अध्यक्ष बिमल गुरुंग
गोरखा जनमुक्ति मोर्चा अध्यक्ष बिमल गुरुंग
Published on

कर्सियांग: गोरखा जनमुक्ति मोर्चा अध्यक्ष बिमल गुरुंग ने जीटीए प्रमुख अनित थापा के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह स्थिति पहले से अपेक्षित थी और आने वाले दिनों में उन्हें और भी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। कर्सियांग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बिमल गुरुंग ने आरोप लगाया कि जीटीए में लंबे समय से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का मुद्दा उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना, अमृत 2.0, शिक्षक नियुक्ति और टेट परीक्षा सहित कई मामलों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी जांच की मांग वे पहले भी कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के हालिया कर्सियांग दौरे के दौरान भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की बात कही गई थी, जिसके अगले ही दिन 17 जून को अनित थापा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर अधिक टिप्पणी करने से इनकार किया, लेकिन संकेत दिया कि आने वाले समय में इस मामले में और कार्रवाई संभव है। बिमल गुरुंग ने बताया कि वे इस समय कर्सियांग क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं का आकलन कर रहे हैं। उन्होंने पर्यटन विकास, रोजगार सृजन, बेलटार वाटर किंगडम, रोहिणी रोपवे जैसी परियोजनाओं के पुनरुद्धार, 200 बेड अस्पताल की स्थापना और पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में काम करने की बात कही।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in