अनिंदिता चटर्जी का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज

30.50 सेकंड में बाइबिल की 66 पुस्तकों के नाम पूरी तरह सही-सही बोल लेने पर हासिल की यह उपलब्धि, अब अगला लक्ष्य अपने ही इस रिकॉर्ड को तोड़ना है अब वह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी अपना नाम दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं, इसके लिए उन्होंने 15 सेकंड के अंदर बाइबिल की 66 पुस्तकों के नाम बोलने का लक्ष्य तय किया है
अनिंदिता चटर्जी का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज
Published on

सिलीगुड़ी : शहर के हाकिमपाड़ा की निवासी जानी-मानी संगीत कलाकार 53 वर्षीया अनिंदिता चटर्जी का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ है। इसलिए कि वह सिर्फ 30.50 सेकंड में बाइबिल की 66 पुस्तकों के नाम पूरी तरह सही-सही बोल लेती हैं। इसे लेकर उन्होंने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स अचीवर का खिताब अपने नाम किया है। अपनी इस उपलब्धि से उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है।

अनिंदिता चटर्जी बचपन से ही गीत-संगीत और नृत्य के साथ गहरा जुड़ाव रखती आई हैं। वह सिलीगुड़ी की एक जानी-मानी गायिका हैं। रवींद्र संगीत के लिए तो शहर में उनकी अपनी अलग पहचान है। वहीं, वह लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में भी सक्रिय हैं। गीत-संगीत, नृत्य के साथ-साथ धार्मिक और साहित्यिक विषयों में भी उनकी गहरी रुचि है। वह अर्से से बाइबिल का अध्ययन करती आ रही हैं। अपनी सीमाओं को पार कर कुछ नया करने की इच्छा ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

अपनी उपरोक्त उपलब्धि पर अनिंदिता चटर्जी ने कहा कि, 'यह सम्मान मेरे लिए बेहद भावनात्मक है। यह सफलता लंबे अभ्यास, धैर्य और एकाग्रता का ही परिणाम है। मैंने कभी नहीं सोचा कि उम्र कोई बाधा बन सकती है। हर दिन खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करती रही। अब मेरा अगला लक्ष्य अपने ही इस रिकॉर्ड को तोड़ना है।' अब वह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी अपना नाम दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने 15 सेकंड के अंदर बाइबिल की 66 पुस्तकों के नाम बोलने का लक्ष्य तय किया है। उनकी उपरोक्त उपलब्धि से उनका परिवार गौरवान्वित है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in