नागराकाटा: बाताबाड़ी पीएनबी बैंकपाड़ा के पास स्थित खरिया बंधर जंगल में हाथियों का एक झुंड आश्रय लेकर बैठा है। हाथियों के आतंक के कारण जंगल के बगल में स्थित 220 नंबर आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चे पहुंचे ही नहीं। स्थिति को देखते हुए आंगनबाड़ी कर्मियों ने जल्दी-जल्दी खाना पकाकर घर–घर पहुंचाया। खबर मिलने पर इलाके में खुनिया वन्य जीव शाखा के वनकर्मी पहुंचे और जंगल से सटे क्षेत्रों में टहलने के साथ-साथ माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया। बुधवार सुबह बाताबाड़ी पीएनबी बैंकपाड़ा के पास जंगल के किनारे सड़क के बगल में हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथी देखने के लिए सुबह बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। वहीं, इसी जंगल के बिल्कुल पास स्थित है यह आंगनवाड़ी केंद्र।
इस दिन केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचीं मेटेली बाताबाड़ी 2 नंबर ग्राम पंचायत की आंगनबाड़ी सुपरवाइज़र सबिना यासमीन ने कहा चूंकि केंद्र के पास ही जंगल में हाथियों का झुंड मौजूद है, इसलिए कर्मियों को किसी भी तरह का जोखिम न लेने की सलाह दी गई है। जल्दी से खाना पकाकर बच्चों के घर भेजने और केंद्र तुरंत बंद कर घर जाने का निर्देश दिया गया है। इस आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता बेला सरकार ने बताया चूंकि जंगल में हाथी हैं, हम भी बहुत डरे हुए हैं। हाथियों के डर से बच्चे और माताएं केंद्र में लगभग नहीं आए। इसलिए हमने जल्दी खाना तैयार कर घर–घर पहुंचा दिया। उधर, हाथियों की मौजूदगी की खबर मिलते ही खुनिया वन्य जीव के वनकर्मियों ने इलाके में पहुंचकर लोगों को सचेत किया।