अमृत की एक पाइपलाइन हुई दुरुस्त

क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत करते कर्मचारी
क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत करते कर्मचारी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता,जलपाईगुड़ी: आखिरकार अमृत जल परियोजना की क्षतिग्रस्त दो पाइपलाइनों में से एक की मरम्मत रविवार शाम तक पूरी कर ली गई। इसके बाद रविवार शाम से ही एक पाइप के जरिए नगरपालिका क्षेत्र में परिशोधित पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई। वहीं, दूसरी पाइपलाइन की मरम्मत का काम सोमवार को भी जारी रहा। यदि सोमवार तक दूसरी पाइपलाइन की मरम्मत पूरी हुई तो मंगलवार से शहरवासियों को दोनों पाइपों के जरिए नियमित रूप से अमृत परियोजना का पानी मिलने लगेगा। बताया गया कि पिछले गुरुवार को जलाशय के अंदर डूबी अमृत जल परियोजना के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की पाइपलाइन में रिसाव पाया गया था। इसके बाद उसी दिन से नगरपालिका ने अमृत परियोजना के तहत जलापूर्ति बंद कर दी थी। इस समस्या को लेकर समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद नगरपालिका और म्यूनिसिपल इंजीनियरिंग विभाग सक्रिय हुआ और पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। रविवार शाम से सोमवार तक जलापूर्ति विभाग के इंजीनियर सुब्रत बागची मिस्त्रियों के साथ मौके पर मौजूद रहकर मरम्मत कार्य की निगरानी करते दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि एक पाइप की मरम्मत पूरी होने के बाद रविवार से ही उसके जरिए जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। दूसरी पाइपलाइन की मरम्मत का काम जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंगलवार से शहरवासियों को अमृत परियोजना के तहत दोनों पाइपों से पूरी क्षमता के साथ पानी मिल सकेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in