पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्र में अतिरिक्त 202 स्टॉपेज को मंज़ूरी

रंगिया, नलबाड़ी, बरपेटा रोड, ग्वालपाड़ा टाउन, बासुगांव, डांगतल, कोकराझाड़, न्यू कोचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, शिवसागर टाउन, धेमाजी, लंका, होजाई, बिश्वनाथ चारआली, आलुआबाड़ी रोड, बागडोगरा, डालखोला, साम्सी, हरिश्चंद्रपुर, रानीनगर जलपाईगुड़ी, न्यू माल जंक्शन, और सेवक पर कई ट्रेनों के नए ठहराव
पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्र में अतिरिक्त 202 स्टॉपेज को मंज़ूरी
Published on

सिलीगुड़ी : भारतीय रेलवे ने पूर्वोत्तर सीमांत (एनएफ) रेलवे क्षेत्र के असम, पश्चिम बंगाल और बिहार राज्य के 82 स्टेशनों पर ट्रेनों के 202 अतिरिक्त ठहरावों को मंज़ूरी दी है। ये अतिरिक्त ठहराव रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने, छोटे और विकासशील स्थानों के यात्रियों की बेहतर पहुंच एवं बहुप्रतीक्षित मांग की पूर्ति करने के उद्देश्य से प्रायोगिक आधार पर मंज़ूर किए गए हैं। ये ठहराव शीघ्र प्रभावी होंगे और यात्रियों की प्रतिक्रिया एवं परिचालनिक व्यवहार्यता के लिए इन ठहरावों पर निकटता से नज़र रखी जाएगी।

इस पहल के तहत कई महत्वपूर्ण और प्रीमियम ट्रेनों को शामिल किया गया है। विशेष तौर पर, न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस को रंगिया में, आनंद विहार-अगरतला-आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस को न्यू हाफलंग और न्यू कोचबिहार में, कोलकाता-सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस को काटाखाल में और गुवाहाटी-सायरंग-गुवाहाटी एक्सप्रेस को काटलीछड़ा में ठहराव प्रदान किया गया है। इससे उत्तर बंगाल, बिहार और असम में रेलवे यात्रा शेड्यूल और अधिक मज़बूत होगा। इसके साथ ही, न्यू दिल्ली-डिब्रूगढ़-न्यू दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अब धेमाजी, शिवसागर टाउन और बिश्वनाथ चारआली जैसे स्टेशनों पर भी रुकेगी जिससे ऊपरी असम के यात्रियों को राजधानी एक्सप्रेस की सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी।

इनके अलावा, गुवाहाटी-हावड़ा-गुवाहाटी, डिब्रूगढ़-हावड़ा-डिब्रूगढ़, कामाख्या-पुरी-कामाख्या, सिलचर-गुवाहाटी-सिलचर और अलीपुरद्वार-दिल्ली-अलीपुरद्वार एक्सप्रेस सेवाओं सहित प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी विस्तारित ठहराव योजना के तहत शामिल किया गया है। एनएफ रेलवे के कई ज़रूरी स्टेशनों को इस प्रायोगिक ठहराव के लिए चुना गया है, जिनमें रंगिया, नलबाड़ी, बरपेटा रोड, ग्वालपाड़ा टाउन, बासुगांव, डांगतल, कोकराझाड़, न्यू कोचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, शिवसागर टाउन, धेमाजी, लंका, होजाई, बिश्वनाथ चारआली, आलुआबाड़ी रोड, बागडोगरा, डालखोला, साम्सी, हरिश्चंद्रपुर, रानीनगर जलपाईगुड़ी, न्यू माल जंक्शन, सेवक इत्यादि शामिल हैं।

एनएफ रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा की ओर से विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा है कि इन नए स्टॉपेज से सेमी-अर्बन और ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को लाभ होने की उम्मीद है क्योंकि इससे बड़े जंक्शनों तक यात्रा का समय कम होगा और लंबी दूरी एवं प्रीमियम ट्रेनों के साथ बेहतर इंटरचेंज के मौके मिलेंगे। ये अतिरिक्त ठहराव आगामी सप्ताहों में चरणबद्ध रूप में लागू किए जाएंगे। एनएफ रेलवे की ओर से यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि वे अपनी यात्रा योजना के समय आधिकारिक रेलवे इन्क्वाइरी सिस्टम और वेबसाइट के ज़रिये अद्यतन ट्रेन शेड्यूल की जांच अवश्य कर लें।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in