

सिलीगुड़ी : न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के साथ अब सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास के साथ यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण ढांचागत कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने स्टेशन पहुंचकर इन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने सिलीगुड़ी के डीजल लोकोशेड और सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उनके साथ उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे मुख्यालय और कटिहार मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। डीजल लोकोशेड में उन्होंने लोकोमोटिव के रखरखाव से जुड़ी सुविधाओं और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रखरखाव के दौरान सुरक्षा, विश्वसनीयता और कार्यकुशलता के मानकों को बनाए रखने का निर्देश दिया।
सिलीगुड़ी जंक्शन में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी जीएम ने निरीक्षण किया। योजना के तहत नए फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर पॉलीप्रोपाइलीन (पीपी) शेड तथा नए स्टेशन भवन का निर्माण शामिल है। उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि महाप्रबंधक ने निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
इसके अलावा महाप्रबंधक ने सिलीगुड़ी-अलुआबाड़ी रोड और सिलीगुड़ी-न्यू जलपाईगुड़ी सेक्शन में चल रहे रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कामाख्या से न्यू बोंगाईगांव तक विंडो-ट्रेलिंग’ निरीक्षण कर ट्रैक और अन्य रेल बुनियादी ढांचे की स्थिति का जायजा लिया। इससे सिलीगुड़ी जंक्शन के साथ-साथ आसपास के रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।