‘रेड टेरर’ का आरोप, एबीवीपी ने सिलीगुड़ी थाना के सामने किया प्रदर्शन

छात्रा से मानसिक प्रताड़ना व कथित छेड़छाड़ का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर दर्ज कराई एफआईआर
‘रेड टेरर’ का आरोप, एबीवीपी ने सिलीगुड़ी थाना के सामने किया प्रदर्शन
Published on

सिलीगुड़ी : शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक हिंसा और छात्रों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बुधवार को सिलीगुड़ी थाने के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन ने राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अपने सदस्यों के खिलाफ कथित तौर पर ‘रेड टेरर’ चलाये जाने का आरोप लगाया। एबीवीपी ने इस संबंध में सिलीगुड़ी थाने में एफआईआर भी दर्ज करायी है।

एबीवीपी का आरोप है कि सिलीगुड़ी में एसएफआई से जुड़े कुछ सदस्यों ने संगठन की एक छात्रा को मानसिक रूप से परेशान किया और उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। घटना के आरोप सामने आने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गयी। संगठन ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी के अनुसार, राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी उसके सदस्यों के साथ राजनीतिक हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। संगठन ने जादवपुर विश्वविद्यालय के अलावा जलपाईगुड़ी के एसी कॉलेज और लॉ कॉलेज का भी उल्लेख किया।

बुधवार को सिलीगुड़ी थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी सदस्यों ने आरोपितों के खिलाफ तत्काल जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक मतभेद के नाम पर छात्रों के साथ हिंसा या किसी भी तरह का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जा सकता। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद अब मामले की जांच की मांग की जा रही है। हालांकि, छात्रा से कथित छेड़छाड़ और एसएफआई सदस्यों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in