पैरामेडिकल व नर्सिंग संस्थान के नाम पर ठगी का आरोप

मालबाजार में उत्तेजित हुआ माहौल
मालबाजार में उत्तेजित हुआ माहौल
Published on

नागराकाटा: पैरामेडिकल और नर्सिंग इंस्टीट्यूट खोलकर छात्रों और अभिभावकों से लाखों रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप एक शैक्षणिक संस्था पर लगा है। आरोप है कि प्रत्येक छात्र से हजारों रुपये कोर्स फीस के रूप में वसूले गए, लेकिन न तो समुचित प्रशिक्षण दिया गया और न ही संस्थान की मान्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट है।इससे पहले सिलिगुड़ी स्थित इसी संस्था के एक सेंटर में करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस दो महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार कर चुकी है, हालांकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। रविवार को मामला सामने आने के बाद सोमवार को मालबाजार शहर में स्थित उक्त पैरामेडिकल व नर्सिंग इंस्टीट्यूट की शाखा में छात्रों और अभिभावकों की भारी भीड़ जमा हो गई। अभियोग है कि पहले पैरामेडिकल और नर्सिंग कोर्स के नाम पर दाखिला लेकर पढ़ाई शुरू करवाई गई, लेकिन बाद में संस्थान का नाम बदलकर उसे ‘वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ बताया जाने लगा। नाम परिवर्तन के बाद ही छात्रों और अभिभावकों के मन में संदेह पैदा हुआ, क्योंकि वोकेशनल ट्रेनिंग और नर्सिंग संस्थानों की मान्यता और स्तर में काफी अंतर होता है।

सोमवार सुबह से ही लाटागुड़ी, मयनागुड़ी, डोमोहानी और मालबाजार शहर समेत विभिन्न इलाकों से छात्र और अभिभावक संस्थान के सामने पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। संस्थान की वैधता, मान्यता और छात्रों के भविष्य को लेकर कई सवाल उठाए गए। वहीं, मालबाजार शाखा की एक महिला कर्मचारी ने दावा किया कि संस्था के पास सभी जरूरी वैधताएं मौजूद हैं और सभी गतिविधियां मुख्य शाखा से संचालित होती हैं। हालांकि अभिभावकों का आरोप कुछ और ही है। शम्पा अधिकारी समेत कई अभिभावकों ने कहा, “पैरामेडिकल और नर्सिंग इंस्टीट्यूट के नाम पर फीस ली गई, लेकिन न तो ठीक से प्रशिक्षण दिया गया और न ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। सूचना मिलने पर मालबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही मालबाजार नगरपालिका के पार्षद पुलिन गोलदार और अजय लोहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने उक्त महिला कर्मचारी को हिरासत में लेकर मालबाजार थाने ले जाया और पैरामेडिकल व नर्सिंग इंस्टीट्यूट के कार्यालय को सील कर दिया। मालबाजार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in