

सिलीगुड़ी : शहर के प्रधान नगर थाना अंतर्गत शालबाड़ी इलाके में चल रहे एक पैरामेडिकल व नर्सिंग इंस्टीट्यूट पर सैकड़ों छात्रों से धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोप है कि संस्थान ने पैरा-मेडिकल के नाम पर छात्रों से मोटी फीस वसूल कर उनका नामांकन किया और बाद में अचानक संस्थान को वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर घोषित कर दिया। आरोपों की मानें तो 300 छात्रों से प्रति छात्र लगभग 1.30 लाख रुपये फीस ली गई थी। संस्थान का नाम बदलने के बाद छात्रों को जब ठगी का अहसास हुआ तो एकजुट हो कर उन्होंने संस्थान के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पीड़ित छात्रों की शिकायत पर प्रधान नगर थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त संस्थान से 2 महिलाओं समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम करीना राई, खेवाल खवास और सृजना खत्री बताए गए हैं। तीनों को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, संस्थान का मुख्य संचालक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संस्थान के पास वैध दस्तावेज थे या नहीं। डीसीपी राकेश सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।