

सिलीगुड़ी : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के तत्वावधान में सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी में गत 19 जनवरी से आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025-26 शुक्रवार 23 जनवरी को संपन्न हो गया। इसे लेकर इस दिन भव्य समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर सम्मिलित हुए। उन्होंने इस आयोजन की भुरि-भुरि प्रशंसा करते हुए कहा कि, इतना भव्य आयोजन ऐतिहासिक है। यह सिलीगुड़ी के लिए सौभाग्य की बात है कि यहां इतना भव्य आयोजन हुआ। इस तरह के आयोजन खूब होने चाहिएं। इससे सामाजिक समरसता व राष्ट्रीय एकता की भावना को काफी बल मिलता है।
उपरोक्त खेल प्रतियोगिता में देशभर के केंद्रीय एवं राज्य पुलिस बलों से 314 महिला एवं 778 पुरुष, कुल 1092 खिलाड़ियों ने भाग लिया। हैंडबॉल महिला वर्ग के फाइनल में सशस्त्र सीमा बल ने पंजाब पुलिस को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि पुरुष वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने पंजाब पुलिस को हराकर खिताब अपने नाम किया। बास्केटबॉल महिला वर्ग के फाइनल में केरल पुलिस ने सशस्त्र सीमा बल को पराजित कर विजेता का स्थान हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस ने केरल पुलिस को हराकर खिताबी जीत हासिल की। प्रतियोगिता के हैंडबॉल स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का सम्मान सशस्त्र सीमा बल की मिस प्राची तथा सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का सम्मान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के मंदीप को प्रदान किया गया। वहीं, बास्केटबॉल स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का सम्मान सशस्त्र सीमा बल की डोल्वी साहू एवं सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का सम्मान उत्तर प्रदेश पुलिस के हर्ष डागर को प्राप्त हुआ।
मुख्य अतिथि ने एसएसबी के महानिदेशक व अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण मंडल के प्रतिनिधि संजय सिंघल, आसूचना ब्यूरो के विशेष निदेशक अरविंद कुमार और एसएसबी के सिलीगुड़ी फ्रंटियर के महानिरीक्षक वंदन सक्सेना संग विभिन्न खेल वर्गों के विजेता एवं उपविजेता दलों को ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया। एसएसबी के महानिदेशक व अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण मंडल के प्रतिनिधि संजय सिंघल ने उपरोक्त आयोजन को भव्य व अत्यंत सफल करार देते हुए इसके लिए एसएसबी सिलीगुड़ी फ्रंटियर की खूब प्रशंसा की व धन्यवाद दिया।