सिक्किम के 71 सरकारी स्कूलों में एआई आधारित शिक्षण कार्यक्रम शुरू

2,100 विद्यार्थियों को मिलेगा व्यक्तिगत अभ्यास, अंग्रेजी, नेपाली और गणित पर होगा फोकस
सिक्किम के 71 सरकारी स्कूलों में एआई आधारित शिक्षण कार्यक्रम शुरू
Published on

गंगटोक:सिक्किम शिक्षा विभाग ने एकस्टेप फाउंडेशन के सहयोग से राज्य के सरकारी स्कूलों में एआई-फनजोन परियोजना शुरू की है। अप्रैल 2026 में हुए समझौता ज्ञापन के बाद शुरू की गई इस पायलट परियोजना का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी साक्षरता और गणितीय दक्षता को मजबूत करना है।

परियोजना के तहत गंगटोक जिले के खाम्दोंग, नांदोक और मार्ताम प्रखंडों के 71 सरकारी स्कूलों में कक्षा 3 से 5 तक के करीब 2,100 विद्यार्थियों को अंग्रेजी, नेपाली और गणित का एआई आधारित अभ्यास कराया जाएगा।विद्यार्थियों को नियमित कक्षा समय में 60 मिनट का अभ्यास सत्र दिया जाएगा। एआई तकनीक उनके पढ़ने और गणितीय प्रदर्शन का विश्लेषण कर कठिनाइयों की पहचान करेगी। इसके बाद विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार अभ्यास तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम में परीक्षा, तुलना या रैंकिंग के बजाय बच्चों को अपनी गति से सीखने और अभ्यास करने का अवसर दिया जाएगा।

शिक्षकों की भूमिका भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण होगी। एआई आधारित डैशबोर्ड के जरिए शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति और कमजोर क्षेत्रों की जानकारी देख सकेंगे। इसके आधार पर वे बच्चों को जरूरी सहयोग और सुधारात्मक शिक्षण दे सकेंगे।तीनों प्रखंडों से करीब 300 संसाधन व्यक्तियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। कार्यक्रम के लिए कंप्यूटर या टैबलेट, हेडसेट और तेज इंटरनेट की आवश्यकता होगी। हालांकि, कुछ स्कूलों में डिजिटल संसाधनों की कमी भी सामने आई है।अधिकारियों के अनुसार, तकनीक, ग्राफिक्स, ऑडियो और संवादात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ रही है। इससे बच्चों को स्वतंत्र रूप से अभ्यास करने और अपनी सीखने की गति के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in