अलीपुरदुआर: कालचीनी प्रखंड अंतर्गत लताबाड़ी ग्राम पंचायत की राजनीति में जारी उठापटक के बीच मंगलवार को एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया। तृणमूल कांग्रेस की उपप्रधान मौसमी दास ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कालचीनी बीडीओ कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना त्यागपत्र सौंपा। इससे पहले लताबाड़ी ग्राम पंचायत के तृणमूल कांग्रेस प्रधान धीरेंद्र बघवार भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। प्रधान के इस्तीफे के बाद से ही उपप्रधान के पद छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन मौसमी दास ने तत्काल कोई निर्णय नहीं लिया था। मंगलवार को उन्होंने भी इस्तीफा देकर सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया। उपप्रधान के इस्तीफे के बाद लताबाड़ी ग्राम पंचायत में राजनीतिक गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं। अब पंचायत में नए प्रधान और उपप्रधान के चयन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, मौसमी दास ने अपने इस्तीफे के कारणों का खुलासा नहीं किया है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब सभी की नजरें पंचायत में नए नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया और आने वाले दिनों में बदलते राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हैं।