

सिलीगुड़ी
नदियों से अवैध रूप से बालू उठाकर परिवहन करने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खोरीबाड़ी थाना की पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना भालुकगरा रोड की है। आरोप है कि एक ट्रैक्टर में स्वर्णमती नदी से निकाली गई बालू लादकर ले जायी जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर पुलिस की मौजूदगी देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त कर लिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई मेची नदी किनारे भुलका इलाके में की गई। यहां भी पुलिस ने बालू लदे एक अन्य ट्रैक्टर को देखा। पुलिस को देखते ही उसका चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया।
नदियों से अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस तथा भूमि एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है। संबंधित इलाकों में इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।