

सिलीगुड़ी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आगामी 19 नवंबर को सिलीगुड़ी में बड़े छात्र आंदोलन का ऐलान किया है। ''लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ'' के नारे के साथ संगठन की ओर से ''छात्र हुंकार'' रैली निकाली जाएगी। रैली बाघाजतिन पार्क से शुरू होकर एसडीओ कार्यालय तक पहुंचेगी। संगठन का दावा है कि इसमें उत्तर बंगाल के 12 संगठनात्मक जिलों से करीब 10 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।
शनिवार को सिलीगुड़ी स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एबीवीपी के सदस्यों ने इस कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि रैली के माध्यम से छात्रों को एकजुट कर लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की वर्तमान परिस्थितियों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। संगठन ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में इस आंदोलन को दक्षिण बंगाल समेत राज्य के अन्य हिस्सों तक विस्तारित करने की योजना है।
संवाददाता सम्मेलन में एबीवीपी सदस्यों ने कहा कि देश का युवा वर्ग, विशेषकर जेनरेशन-जी (Gen Z), राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि भारत को बांग्लादेश या नेपाल जैसी परिस्थितियों की ओर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दल जेनरेशन-जी आंदोलनों के नाम पर देश के अलग-अलग हिस्सों में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और ''कॉकरोच जनता पार्टी'' का नाम लेते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। इसके साथ ही संगठन ने देश में अराजकता फैलाने के पीछे विदेशी ताकतों की भूमिका होने का दावा किया।
एबीवीपी के अनुसार, छात्रों को इन मुद्दों के खिलाफ एकजुट कर सड़क पर उतारने की तैयारी की जा रही है। 19 नवंबर को सिलीगुड़ी में प्रस्तावित रैली इसी आंदोलन की एक महत्वपूर्ण कड़ी होगी।