अभिषेक बनर्जी ने शीतलकुची, राजगंज, फालाकाटा में कीं ताबड़तोड़ सभाएं

अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी
Published on

 कूचबिहार : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को शीतलकुची, राजगंज और फालाकाटा में लगातार तीन जनसभाएं कर भाजपा पर सीधा प्रहार किया और कई राजनीतिक व विकास संबंधी संदेश दिए। तीनों सभाओं में भीड़ और स्थानीय मुद्दों को देखते हुए उन्होंने अलग-अलग तरीके से रणनीतिक बयान दिए।

पहली सभा कूचबिहार जिले के शीतलकुची के सिटलकुची पंचायत समिति मैदान में हुई। यहां तृणमूल उम्मीदवार हरिहर दास के समर्थन में बोलते हुए अभिषेक बनर्जी ने बड़ा दावा किया कि हरिहर को ग्रेटर कूचबिहार के प्रमुख नेता और भाजपा के राज्यसभा सांसद अनंत महाराज का समर्थन उन्हें प्राप्त है। यह बयान क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अनंत महाराज का उत्तर बंगाल में प्रभावशाली जनाधार रहा है। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय बल की कार्रवाई में चार लोगों की मौत का मुद्दा उठाया और कहा कि शीतलकुची के लोग इस घटना को भूले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सांसद और विधायक होने के बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ।

दूसरी सभा जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हुई। यहां एथलीट स्वप्ना बर्मन के समर्थन में उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का दावा करने वाली भाजपा जमीनी स्तर पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी होने का जो फायदा बताया जाता है, वह राजगंज में कहीं नजर नहीं आता। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लक्ष्मी भंडार, आवास योजना और युवसाथी जैसी योजनाओं से सीधे लोगों को लाभ मिला है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार को चुनौती दी कि वह भी अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखे और बताए कि उत्तर बंगाल के लिए क्या किया गया।

तीसरी और सबसे बड़ी सभा अलीपुरदुआर जिले के फालाकाटा के मिल रोड मैदान में हुई, जहां भारी भीड़ जुटी। यहां अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि 2021 में तृणमूल को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार 25 हजार वोट की बढ़त के साथ जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि विधायक और सांसद दोनों भाजपा के होने के बावजूद पांच वर्षों में केंद्र ने क्षेत्र के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। इसके उलट राज्य सरकार ने 2022 में फालाकाटा को नगर पालिका का दर्जा दिया और लगातार विकास कार्य किए।

फालाकाटा के लिए बड़ी घोषणाएं

फालाकाटा के लिए उन्होंने दो बड़ी घोषणाएं कीं। पहली, फालाकाटा में स्थायी नगर भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक ढांचा मजबूत होगा। दूसरी, मुजनाई नदी के गंगामंगल घाट पर नया पुल बनाया जाएगा, जो लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से आवागमन सुगम होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in