सात सौ रुपया के लिए युवक की बेरहमी से पिटाई

इलाके में पुलिस की तैनाती
इलाके में पुलिस की तैनाती
Published on

अलीपुरदुआर: अलीपुरदुआर शहर में शुक्रवार रात उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब महज 700 रुपये के बकाया रूपये की मांग को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना अलीपुरदुआर नगरपालिका के 18 नंबर वार्ड की है, जहां देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति को संभालने के लिए देर रात भारी पुलिस बल को उतारना पड़ा। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 18 नंबर वार्ड के निवासी काजल दत्त शुक्रवार रात क्षेत्र के मुस्लिमपाड़ा इलाके में एक व्यक्ति से बकाया 700 रुपये की मांग करने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि मिठुन मियां के घर के सामने कई लोगों ने मिलकर काजल दत्त पर हमला कर दिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में काजल दत्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अलीपुरदुआर जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और तनाव और बढ़ गया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब उत्तेजित भीड़ ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। देर रात बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को अपने नियंत्रण में लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पाड़े आपस में सटे हुए हैं, जिसके कारण मामूली विवाद भी तेजी से फैल गया और तनाव का रूप ले लिया। हालांकि समय रहते पुलिस की सक्रियता से बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है। बाकी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति न बने। अधिकारियों ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है और कानून को अपने हाथ में न लेने की चेतावनी दी है। इस घटना के बाद से वार्ड नंबर 18 में दहशत और तनाव का माहौल है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in