जोराई रेल गेट पर बनेगा रेलवे ओवरब्रिज

जमीन का सर्वे करते अधिकारी
जमीन का सर्वे करते अधिकारी
Published on

कूचबिहार: लंबे समय से चली आ रही लोगों की मांग को देखते हुए रेलवे ने तूफानगंज-2 प्रखंड के रामपुर-बरबिशा संपर्क स्टेट हाईवे स्थित जोराई रेल गेट पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की पहल शुरू कर दी है। बुधवार को अलीपुरद्वार डिवीजन के रेलवे अधिकारियों और ब्लॉक प्रशासन की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर जमीन का सर्वे किया। रेलवे की इस पहल से रामपुर-1, रामपुर-2 और फोलिमारी ग्राम पंचायत क्षेत्रों के लोगों के साथ-साथ अलीपुरद्वार जिले के बरबिशा क्षेत्र के निवासियों में भी खुशी है। निरीक्षण के दौरान तूफानगंज विधानसभा की विधायक एवं राज्य मंत्री मालती राभा रॉय, प्रखंड अधिकारी अजय कुमार दंडपत, रेलवे विभाग के इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, जोराई रेल गेट लंबे समय से आवागमन की बड़ी समस्या बना हुआ है। यह इलाका उत्तर-पूर्व भारत के व्यस्ततम रेल मार्गों में शामिल होने के कारण यहां दिन-रात बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन होता है, जिससे रेल फाटक लंबे समय तक बंद रहता है। इससे यातायात जाम की समस्या उत्पन्न होती है और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। लोगों का कहना है कि रेल फाटक बंद रहने के कारण उन्हें कई बार जरूरी कामों के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलना पड़ता है। स्थानीय निवासी लंबे समय से यहां फ्लाईओवर या ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे। हाल ही में जिला परिषद की ओर से रेलवे विभाग को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद रेलवे अधिकारियों ने इस दिशा में पहल तेज की है। जमीन सर्वे का कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in