पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, सेवक रोड में क्विज प्रतियोगिता आयोजित

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, सेवक रोड में क्विज प्रतियोगिता आयोजित
Published on

सिलीगुड़ी : पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, सेवक रोड में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के अंतर्गत एक अंतर-विद्यालयी क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वाई. अरुण कुमार, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, कोलकाता संभाग की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागी विद्यालयों के रूप में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय सेवक रोड, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय सुकना, केंद्रीय विद्यालय बी.एस.एफ. बैकुंठपुर, जवाहर नवोदय विद्यालय (नागराकाटा) तथा नेपाली कल्याण हाई स्कूल, सिलीगुड़ी के कुल 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता की थीम ऑपरेशन सिंदूर निर्धारित की गई थी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, परीक्षा से संबंधित तनाव को कम करना तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा का सामना करने हेतु प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य मनीष कुमार यादव के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा को बोझ के रूप में न लेकर एक उत्सव की भावना के साथ अपनाने, उचित योजना, प्रभावी समय प्रबंधन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। तत्पश्चात क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को दो वर्गों- कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 में विभाजित किया गया। दोनों वर्गों के विद्यार्थियों ने अनुशासन, उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी प्रतिभागियों द्वारा आत्मविश्वास के साथ सराहनीय प्रदर्शन किया गया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का मंच संचालन मृदुला सरकार द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in